देवप्रयाग/ टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त 2025टिहरी गढ़वाल में शनिवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा स्वच्छता एवं नमामि गंगे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीपीओ नमामि गंगे प्रोजेक्ट अरुण उनियाल ने जानकारी दी कि देवप्रयाग में 126 भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए 5.0 के.एल.डी. क्षमता का को-ट्रीटमेंट प्लांट देवप्रयाग बाह बाजार में निर्मित किया जा रहा है, जो आगामी 15 दिनों में परीक्षण हेतु तैयार हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुनी की रेती क्षेत्र में 2400 घरों को सीवर लाइन से जोड़े जाने हेतु नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य की प्रगति जारी है और इसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
बैठक में एडीएम अवधेश कुमार सिंह, उप वन संरक्षक टिहरी वन प्रभाग रश्मि ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सोबन सिंह राणा, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
