पूर्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य रही नाज़िमा को युवाओं और ग्रामीणों का मिला समर्थन
देवप्रयाग टिहरी जिले की अंजनीसैंण ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोली (मय सुनाली) में लोकतंत्र की एक मिसाल पेश करते हुए कु. नाज़िमा को सर्वसम्मति से निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना गया। उल्लेखनीय है कि कु. नाज़िमा पूर्व में इसी क्षेत्र की क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के रूप में सक्रिय रही हैं और जनहित में अनेक कार्य कर चुकी हैं।
ग्राम पंचायत मोली, जो कि ऐतिहासिक रूप से मुस्लिम समुदाय का निवास स्थान टिहरी रियासत काल से रहा है। वहां से इस बार फैशन डिजाइनिंग की छात्रा कु. नाज़िमा को प्रधान पद के लिए निर्विरोध चुना जाना ग्रामीणों के बढ़ते राजनीतिक परिपक्वता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक माना जा रहा है।
ग्रामवासियों ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में नाज़िमा ने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला स्वावलंबन से जुड़े कई सराहनीय कार्य किए हैं। इन्हीं कार्यों के आधार पर उन्हें ग्राम प्रधान पद के लिए सभी ने मिलकर समर्थन दिया।
पंचायती राजनीति में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कु. नाज़िमा का निर्विरोध निर्वाचन इसी रुझान की पुष्टि करता है।