“सूती तिरंगे और सजावटी वस्तुओं से लिया हरित पर्यावरण का संकल्प”
देवप्रयाग/मुनिकीरेती टिहरी( गिरीश भट्ट)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती–ढालवाला के सहयोग से, 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संगम समूह की महिलाओं ने ‘तिरंगा मेला’ का आयोजन कर “नो प्लास्टिक यूज़” का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने प्लास्टिक से बने झंडों और सजावटी सामान का बहिष्कार करते हुए अपने हाथों से सूती कपड़े के तिरंगे, जूट के थैले, पॉकेट बैज, बैंड, फ्लावर पॉट और अन्य पर्यावरण–अनुकूल सजावटी वस्तुएं तैयार कीं।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर जनपद के विभिन्न समूहों द्वारा जगह–जगह स्टाल लगाए गए। मुनिकीरेती के 14 बीघा क्षेत्र में लगे संगम समूह के स्टॉल ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आकर्षित किया। यहां स्वतंत्रता दिवस थीम पर बने रिस्ट–बैंड, जूट बैग, फ्लावर पॉट के साथ जन्माष्टमी के लिए भगवान श्रीकृष्ण के वस्त्र व सजावटी सामग्री भी उपलब्ध रही।
संगम समूह की अध्यक्ष गीता खरोला ने बताया,हमारी 11 सदस्यीय टीम ने आजादी के अमृत महोत्सव पर संकल्प लिया कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रयोग होने वाली सभी वस्तुएं प्लास्टिक–मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल होंगी। नगर पालिका परिषद ने स्टॉल और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।”
उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन का सहयोग मिलने पर समूह प्रत्येक विकासखंड में महिलाओं को हाथ से सूती तिरंगा बनाने का प्रशिक्षण देगा, जिससे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर ग्रामीण महिलाओं को अच्छा रोजगार मिल सकेगा।
स्थानीय ग्राहक महादेव कुड़ियाल ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा,प्लास्टिक के खिलाफ यह कदम न केवल स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देता है, बल्कि देशभक्ति और स्थानीय हस्तशिल्प को भी बढ़ावा देता है।