देवप्रयाग/ टिहरी गढवाल के प्रखंड देवप्रयाग के पट्टी भरपूर अंतर्गत टुंगरियालकाँडा गांव ने एक बार फिर लोकतंत्र में परिपक्वता और एकजुटता का परिचय देते हुए रजनी टोडरिया को तीसरी बार निर्विरोध अपना प्रतिनिधि चुना है। रजनी टोडरिया वर्ष 2009 में पहली बार ग्राम प्रधान के रूप में निर्विरोध चुनी गई थीं। इसके पश्चात 2014 में उन्होंने गोर्थी काँडा क्षेत्र पंचायत सीट पर भारी मतों से जीत हासिल की थी।
इस बार भी ग्रामीणों ने रजनी टोडरिया पर पूर्ण विश्वास जताते हुए उन्हें बिना विरोध के क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित किया है। रजनी के ससुर स्व. बद्री प्रसाद टोडरिया भी इस क्षेत्र में दो बार निर्विरोध ग्राम प्रधान रह चुके हैं। वहीं उनके पति विनोद टोडरिया एक वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी के साथ ही टिहरी जनपद कांग्रेस के जिला महामंत्री भी हैं।
ग्रामीणों ने उनके सामाजिक कार्यों और सहज उपलब्धता को देखते हुए उन्हें पुनः चुना है। रजनी टोडरिया ने अपने चुनाव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास और जनहित में निरंतर कार्य करती रहेंगी।