“गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु तस्मै गुरुवे नमः”
देवप्रयाग। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देवप्रयाग स्थित नक्षत्र वेधशाला संस्थान में भारत के महान आध्यात्मिक गुरुओं का विधिवत पूजन कर विश्व शांति और कल्याण की प्रार्थना की गई। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुवार को आने से इसका विशेष धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व रहा, जो बीते बीस वर्षों में पहली बार संयोग बना।
कार्यक्रम का आयोजन योगाचार्य भास्कर जोशी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें आस्था और भक्ति के साथ स्वामी विवेकानंद, रमण महर्षि, योगेश्वर महाराज, लाहड़ी महाशय, महावतार बाबा सहित सुप्रसिद्ध विद्वान मुकुंद दैवज्ञ एवं आचार्य चक्रधर जोशी जैसे सिद्ध गुरुओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
गुरुओं के चरणों में वंदन कर उपस्थित श्रद्धालुओं ने देश और विश्व की सुख-समृद्धि, शांति और आध्यात्मिक जागरण की कामना की। कार्यक्रम में कोट क्षेत्र प्रमुख धर्मवीर, प्रदीप कपूर, योगेश मावी, दीपक ध्यानी, शेखर, सूरज भट्ट, शुभांगी कोटियाल, बृजेश पंचभैया, श्याम राजपूत समेत देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु उपस्थित रहे।