देवप्रयाग/टिहरी ब्लॉक देवप्रयाग की जिला पंचायत सीटों पर इस बार राजनीति के समीकरण उलट गए हैं। चार में से तीन सीटों पर निर्दलीयों को जीता कर जनता ने राष्ट्रीय दलों को कड़ा संदेश दिया है इस बार भाजपा समर्थित सिर्फ रजनी पयाल ही भल्ले गाँव से विजयी रहीं। यहां से कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई है।
सबसे चर्चित जीत गोर्थी कांडा से निर्दलीय पुष्पा रावत की रही, जिन्होंने भाजपा समर्थित हेमा पंत को रिकॉर्ड 3,333 मतों से हराया। अन्ना आंदोलन व सामाजिक आंदोलनों से जुड़ी पुष्पा अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं।
जिला पंचायत सीट पलेठी से पुष्पा भट्ट, जो 2008 में भी भारी मतों से जीती थीं, इस बार भी रोशनी चौहान को 461 मतों से हरा कर सीट अपने नाम कि है। वहीं, देवेंद्र भट्ट ने भाजपा समर्थित एडवोकेट प्रभात बिष्ट को हराकर सीट अपने नाम की।
जनता ने इस बार राष्ट्रीय पार्टीयों को दर किनार कर ज़्यादा प्रत्याशी के व्यक्तित्व को प्राथमिकता दी, जिससे निर्दलीयों का दबदबा बना। अब भाजपा व कांग्रेस दोनों ही निर्दलीयों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी हैं। राजनीतिक दलों में कौन बाजी मारेगा यह भविष्य के गर्भ में छिपा है।फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जोड़तोड़ और धनबल की आहट भी तेज़ हो गई है। और यही बहुमत को अपने पक्ष में करने के लिए आखिरी राजनीतिक पासा होगा।
